बेला। बेला-दिबियापुर मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बिजली निगम के संविदाकर्मी उदय प्रताप (35) की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। कन्नौज के नगला खेमकरन निवासी उदय प्रताप अपनी सहार स्थित ससुराल से लौट रहे थे, तभी नीमहार मोड़ के पास यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। उदय प्रताप सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सहार सीएचसी ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन लेकर भागा और टायर फटने पर उसे छोड़कर चला गया। स्कार्पियो में सवार महिला और बच्चे भी पीछे से आ रही कार में बैठकर चले गए। सूचना पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार सुबह शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उदय प्रताप के परिवार में प्रियांशु (13) और मयंक (8) हैं। वह करीब आठ वर्षों से सौरिख में तैनात थे।
थाना प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि क्षतिग्रस्त स्कार्पियो और बाइक को कब्जे में लिया। कार्रवाई की जा रही है।