औरैया। कानपुर से इटावा की ओर जाने वाले हाईवे पर मंडी समिति के पास देर रात हुए सड़क हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। हादसे में चालक केबिन में फंस गया था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कानपुर देहात स्थित अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दरगवां निवासी अनिल यादव (30) कंटेनर चालक था। सोमवार देर रात वह कंटेनर लेकर आगरा जा रहा था। कानपुर-इटावा हाईवे पर सदर कोतवाली के पास मंडी के सामने कंटेनर आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसा। हादसे में कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। केबिन को कटर से काटकर अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
उसके पास मिले मोबाइल फोन से सट्टी थाना क्षेत्र के गांव स्वरूपपुर निवासी बहनोई सुरजीत को हादसे की जानकारी दी गई। देर रात बहनोई व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बहनोई के अनुसार, अनिल चार बहनों में इकलौता भाई था और अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। पिता ने बताया कि वह दिवाली से पहले घर आया था और त्योहार से पहले ही काम पर लौट गया था। वह कंटेनर लेकर आगरा जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। थाना प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है।
हादसे के बाद प्रभावित रहा हाईवे
हादसे के बाद हाईवे पर कंटेनर खड़ा होने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को केबिन से बाहर निकालने के बाद वाहन को हाईवे से हटा दिया। इसके बाद यातायात बहाल हो गया।
फोटो-18-अनिल। फाइल फोटो