संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। मरीजों को जांचे कराने के लिए सीएचसी स्तर पर सुविधा देने के लिए बीपीएच यूनिट (ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट) की रूपरेखा तैयार की गई। इस कड़ी में जिले की अजीतमल, बिधूना व सहार सीएचसी परिसर में इन यूनिटों को लेकर भवन का निर्माण दो माह पूर्व शुरू कराया गया जोकि इन दिनों अंतिम दौर में हैं।
48 लाख रुपये की धनराशि खपाते हुए चुनाव बाद इन यूनिटों के जरिए ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को जांच की सुविधा मिलनी शुरू हो जाने की उम्मीद है। करीब छह माह पूर्व जिले की बिधूना, अजीतमल व सहार सीएचसी में बीपीएच यूनिट के निर्माण को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से शासन को भेजे गए प्रस्ताव के बाद तीनों सीएचसी के लिए 48-48 लाख रुपये की धनराशि यूनिट के भवन निर्माण व संसाधन जुटाने को लेकर जारी हुई।
निर्माणदायी संस्था पैकफेड को इसकी जिम्मेदारी शासन स्तर से सौंपी गई है। दो माह पूर्व शुरू कराया गया भवन निर्माण का काम 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य अधिकारियों की माने तो चुनाव के दौरान ही काम पूरा होने के साथ ही संसाधन जुटाने की कवायद पूरी हो जाएगी। वहीं चुनाव संपन्न हो जाने के बाद इन यूनिटों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
समय से काम पूरा हो इसे लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों के निरीक्षण भी लगातार हो रहे हैं। तीनों सीएचसी पर पहुंचने वाले मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी जांचों के लिए जिला अस्पताल का रुख नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्र की सीएचसी पर सुविधा हो जाने से जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव कम होगा। मरीजों की दौड़ भी कहीं न कहीं कम होगी।
-
सीएचसी परिसर में इलाज, टीकाकरण से लेकर जांच की रहेगी सुविधा
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में प्रयोगशाला भी होगी। मशीनें स्थापित की जाएगीं। इसमें जांच, इलाज, टीकाकरण के साथ नियमित चलने वाले स्वास्थ्य कार्यक्रम होंगे। कंप्यूटर कक्ष समेत दो हाल वाला भवन बनाया जा रहा है। अभी सीएचसी स्तर पर ब्लड की कई जरूरी जांचें नहीं हो पा रही हैं। थायराइड से लेकर खून व विटामिन से लेकर कई अहम जांचें मरीज इन यूनिट में करा सकेंगे। सीएचसी में मरीजों को परामर्श देने वाले चिकित्सकों को भी इन जांचों के शुरू हो जाने के बाद सहूलियत मिलेगी।
भवन निर्माण के बाद फर्नीचर से लेकर मशीनें होंगी स्थापित
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के भवन निर्माण का काम मई माह में पूरा हो जाएगा। ऐसे में कर्मचारियों की तैनाती के साथ ही फर्नीचर व मशीन लगाया जाना शेष रह जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारी इसे लेकर लगातार कार्यदाई संस्था पैकफेड को दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।
वर्जन
बिधूना, अजीतमल व सहार में बीपीएच यूनिटों को लेकर भवन निर्माण का काम अंतिम दौर में हैं। 80 फीसदी तक काम हो चुका है। चुनाव बाद इनके संचालन की तैयारी है। इसे देखते हुए लगातार इन यूनिटों पर ध्यान दिया जा रहा है।
-डॉ. सुनील कुमार वर्मा, सीएमओ