औरैया। जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के संचालन को लेकर कवायद तेज की जा रही है। इसके लिए ब्लड कंपोनेंट सेप्रेशन यूनिट का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
लगभग आठ सालों से शहर के 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में स्थित ब्लड बैंक का संचालन ठप रहने से मरीजों को कानपुर, लखनऊ, इटावा, आगरा की दौड़ लगानी पड़ती है। समय से ब्लड न मिल पाने से अक्सर मरीज की मौत भी हो जाती है। इतने महत्वपूर्ण विंग का आज तक संचालन नहीं कराया जा सका है। कोरोना काल में भी प्लाज्मा के लिए लोगों को इधर-उधर की दौड़ लगानी पड़ी।
स्वास्थ्य विभाग ने पैथोलॉजिस्ट के खाली पद पर टेक्नीशियन की तैनाती कर दी है। इससे ब्लड बैंक संचालन में बड़ा रोड़ा समाप्त हो गया। अब ब्लड कंपोनेंट सेप्रेशन यूनिट निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। ताकि ब्लड बैंक शुरू होने के साथ ही प्लाज्मा की जरूरत पूरी हो सकेगी।
ब्लड बैंक संचालन के लिए विभाग स्तर पर लगातार खामियां दूर की जा रही हैं। इसके साथ ही एलटी की तैनाती के लिए पत्राचार किया जा रहा है। जल्द ही ब्लड बैंक का संचालन शुरू कराया जाएगा। डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, सीएमओ