दिबियापुर स्टेशन मार्ग पर सड़क पर पड़ी गिट्टी।
- फोटो : दिबियापुर स्टेशन मार्ग पर सड़क पर पड़ी गिट्टी।
दिबियापुर। दिबियापुर बस अड्डे की सड़क का निर्माण काफी सुस्त है। सड़क निर्माण में देरी के चलते बसें भी स्टेशन तक पहुंच नहीं रही है। लोगों का यहां से निकलना भी मुश्किल है।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण न होने पर 15 दिन बाद अनशन शुरू करने का अल्टीमेटम भी दिया। इसके साथ ही बारिश से पहले निर्माण पूरा करने की मांग की है।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पीडब्ल्यूडी ने नौ मई को ठेकेदार को जल्द सड़क निर्माण के निर्देश दिए थे। इसके बाद निर्माण सामग्री आना शुरू हो गई और कुछ हिस्से पर गिट्टी बिछा दी गई। उधर, कुछ दिन बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया था। इस पर अमर उजाला ने फिर इस मुद्दे को उठाया। जिसके बाद ठेकेदार ने गिट्टी बिछाने का कार्य चालू कर दिया।
ठेकेदार अतुल यादव ने बताया कि गिट्टी बिछाने का कार्य जारी है। अगले सप्ताह सीसी बिछाने का कार्य चालू हो जाएगा। सोमवार को विभाग के एई और दो जेई ने मौके का निरीक्षण भी किया है।
अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि सड़क का निर्माण चालू है। गिट्टी बिछाई जा रही है। निर्माण सामग्री भी आई है। जल्द निर्माण कार्य पूरा होगा। बताया कि कुछ लोग सड़क ऊंची करने के लिए बोल रहे हैं, लेकिन एस्टीमेट के आधार पर आए बजट से ही काम कराना होगा।
उधर, सड़क निर्माण धीमा होने पर श्री कृष्ण और आदर्श यादव का कहना है कि अगर सड़क का निर्माण जल्द नहीं हुआ तो बरसात में जलभराव की स्थिति हो जाएगी। बताया कि बस अड्डे की सड़क न बनने से रोडवेज बस स्टैंड पर बसे संचालित नहीं हो रही हैं। इक्का दुक्का बसें ही बस स्टैंड पर जा रही हैं। इससे वहां सड़क न होने से सवारी भी नहीं मिलती हैं।