एक सप्ताह से बीएसएनएल की कनेक्टीविटी ठप होने से संचार सेवा धड़ाम हो गई हैं। वहीं बैंक से रुपये का लेनदेन न हो पाने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। मंगलवार को आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सेंट्रल बैंक शाखा पर हंगामा काटा।
बीएसएनएल की संचार सेवा ठप होने से इससे जुड़े बैंक, पोस्ट आफिस, जनसेवा केंद्र व इंटरनेट कैफे सभी बंद पड़े हैं। गत बुधवार को ध्वस्त हुई संचार सेवा आज तक बहाल न होने से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को सेंट्रल बैंक शाखा पर हंगामा काटा।
बैंक उपभोक्ता स्नेह सविता, गुंजन तिवारी, सौरभ, अमित, कुलदीप सोनी ने बताया कि सप्ताहभर से रुपये का लेनदेन नहीं हो पा रहा है। इससे व्यापार चौपट हो रहा है।
सेंट्रल बैंक शाखा प्रबंधक आरपी मीना, पोस्ट आफिस प्रभारी अतर सिंह आदि अधिकारियों ने बताया कि ठप पड़ी बीएसएनएल की संचार सेवा से कार्यालयों का कामकाज बंद पड़ा है। बताया कि उक्त समस्या के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
बावजूद इसके अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। इस संबंध में बीएसएनएल विभाग के एसडीओ रामदत्त पाल ने बताया कि ओएफसी केबिल कटने से संचार सेवा बाधित है। सेवा बहाल कराए जाने को औरैया एक्सचेेंज के अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है। शीघ्र ही संचार सेवा बहाल की जाएगी।