औरैया। बिजली विभाग में कार्यरत आउट सोर्सिंग कंप्यूटर कर्मचारियों के छह माह का बकाया मानदेय दिलाने की मांग पर सिर्फ एक माह का मानदेय दिए जाने से उनमें आक्रोश व्याप्त है। इसी कारण उन्होंने मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके चलते लगातार चौथे दिन भी कंप्यूटर कर्मी हड़ताल पर रहे।
बिजली विभाग में सांई कंप्यूटर प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से लगे छह आउट सोर्सिंग कंप्यूटर कर्मचारियों को कंपनी की ओर से पिछले छह माह से मानदेय नहीं मिला है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। मानदेय के लिए वह कई बार कंपनी को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ।
इसके बाद कंप्यूटर कर्मचारियों अंकित परिहार, कुंवर सिंह सेंगर, शशांक दीक्षित, आशीष बाथम, संदीप प्रजापति व प्रद्युम्न प्रजापति ने एक्सईएन सदर संतोष कुमार के अलावा बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपा। लेकिन इस भी पर कोई फर्क नहीं पड़ा और सभी कर्मचारियों ने मानदेय न मिलने तक 20 फरवरी से हड़ताल शुरू कर दी।
इसके बाद कर्मचारियों ने एडीएम एमपी सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मानदेय दिलाए जाने मांग की। एडीएम के प्रयास के बाद कंपनी की ओर से उक्त कर्मचारियों को सिर्फ एक माह का ही मानदेय मिल सका। कर्मचारियों ने बताया कि जब तक उनका बकाया मानदेय पूरा नहीं मिल जाता, वह हड़ताल नहीं खत्म करेंगे।