संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। जिले के दो जर्जर पुलों के चलते परिवहन तंत्र बेपटरी है। रक्षाबंधन त्योहार पर बहनों का भाई के घर जाने का सफर बिगड़े परिवहन तंत्र के चलते मुश्किलों भरा रहा है। आैरैया से जालौन जाने व जालौन से आैरैया आने वाले लोगों को करीब 30 किलो मीटर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चक्कर लगाकर सफर तय करना पड़ा। इस बीच बसों व अन्य प्राइवेट वाहनों का संचालन न होने से परेशानी आैर बढ़ी नजर आई।
शहर के शेरगढ़ घाट स्थित यमुना नदी के जर्जर पुल पर 11 नवंबर 2022 से वाहनों के आवागमन पर रोक है। जालौन, झांसी, उरई जाने वाले यात्रियों को बुंदलेखंड एक्सप्रेसवे के जरिए महज रोडवेज डिपो की महज एक बस की सेवा दी जा रही है। ऐसे में इस रूट पर बड़े पैमाने पर डग्गामारी होना लाजिमी है। मजबूरन यात्री ऑटो, टेंपो व अन्य वाहनों से सफर कर रहे हैं। दिबियापुर नहर पुल पर 22 जुलाई 2023 से वाहनों पर रोक लगी है। पुल से संबंधित रूटों पर भी डग्गामारी बढ़ी है। यहां रोडवेज की औरैया से बरौनाकला के लिए एक, बरेली के लिए दो, बिधूना के लिए महज एक बस संचालित है। जिन्हें कन्हों क्रासिंग से 12 किमी के चक्कर से निकाला जा रहा है। इस अव्यवस्था के चलते डग्गामारों ने तीनों रूटों पर कब्जा जमा लिया है। गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व पर लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इस बीच जालौन जाने वाले वाहनों ने मनमाना किराया भी वसूला। इसको लेकर लोग नोकझोंक करते नजर आए।