औरैया। शासन की कल्याणकारी योजनाओं व निर्माण कार्यों में धांधली करने वाली ग्राम पंचायत के प्रधान और पंचायत सचिवों पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने प्रत्येक ब्लॉक मेें दस-दस पंचायतों को चिह्नित करने का फैसला किया है। अधिकारियों की टीम स्थलीय निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे। डीएम की इस पहल से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
गौरतलब है कि कलक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील, ब्लॉक कार्यालयों के अलावा समाधान दिवस व थाना दिवस में बड़े पैमाने पर प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, पेंशन, राशनकार्ड, तालाबों में अतिक्रमण, पट्टों पर कब्जा आदि की शिकायतें बड़ी संख्या में आ रही हैं। जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है। डीएम अभिषेक सिंह मीणा ने दीपावली के बाद एरवाकटरा, अछल्दा, बिधूना, सहार, भाग्यनगर, अजीतमल और औरैया ब्लॉक की दस-दस ग्राम पंचायतों को चिह्नित करने के निर्देश डीपीआरओ राजेश चौरसिया को दिए हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि ग्राम पंचायतों में सबसे ज्यादा शिकायतें प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, पेंशन और राशनकार्ड की मिल रही हैं। इससे विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखकर डीएम ने प्रत्येक ब्लॉक की दस-दस ग्राम पंचायतों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। इससे धांधली करने वाली ग्राम पंचायतों के प्रधान और सचिवों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि अन्य पंचायतों को भी सबक मिल सके।
दीपावली के बाद डीएम ने प्रत्येक ब्लॉक दस-दस ग्राम पंचायतों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें डीएम के निर्देशन में अधिकारियों की एक कमेटी गठित की जाएगी, जो कल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों का बिंदुवार जानकारी कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगा। किसी प्रकार की खामी ग्राम पंचायत में मिलने पर संबंधित प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजेश चौरसिया
डीपीआरओ