औरैया। गैस सिलिंडर की जद्दोजहद के बीच शुक्रवार को व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दाम में इजाफा हो गया। इस बार भाव में यह बढ़ोतरी एक हजार से ज्यादा की हुई है।
कारोबारी इसे लेकर शुक्रवार को चिंतित भी नजर आए। उनका मानना है कि गैस सिलिंडर का भाव बढ़ने से उनका कारोबार काफी हद तक प्रभावित होगा।
अभी तक 19 किलो के व्यावसायिक गैस सिलिंडर का भाव 2078.50 रुपये चल रहा था। बृहस्पतिवार रात जारी हुए निर्देश के बाद व्यावसायिक गैस सिलिंडर के भाव में 993 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। अब यह सिलिंडर 3071.50 रुपये में मिलेगा। मिष्ठान दुकानों से लेकर कई अन्य प्रतिष्ठानों पर व्यावसायिक गैस सिलिंडर की खपत अच्छी खासी होती है। गैस सिलिंडर के चूल्हे पर पकने वाले होटल के भोजन से लेकर कई उत्पादों पर इसका असर देखने को मिलेगा।
कारोबारियों ने अभी से रेट बढ़ाने के लिए अनुमान लगाना शुरू कर दिया है। कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के जिला कमेटी के सदस्य कामरेड हरिश्चंद्र गुप्ता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से छोटे छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर बेरोजगार हो जाएंगे। साथ ही आम उपभोग की चीजें महंगी होने से आम जनता के जीवन पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ेगा। केंद्र सरकार से मांग है कि इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए।
-
बोले कारोबारी-लागत बढ़ेगी
व्यावसायिक गैस सिलिंडर का भाव एक हजार रुपये बढ़ गया है। ऐसे में अब खाद्य सामग्री तैयार करने में लागत बढ़ेगी। अब भाव तो बढ़ेगा।- दिनेश चंद्र
मिठाई का कारोबार गैस सिलिंडर पर ही चलता है। गैस सिलिंडर का भाव बढ़ने से अब कारोबार काफी हद तक प्रभावित होगा। महंगाई के चलते कारोबार कम हो जाएगा।- ऋषि गुप्ता
फोटो-41- दिनेश चंद्र। संवाद