औरैया। मौसम का मिजाज फिर से बेरहम हो गया है। शुक्रवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा। शीत लहर से जनजीवन प्रभावित रहा। कड़ाके की ठंड से लोग दिन भर कांपते रहे। दोपहर में धूप निकलने पर भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। ठंड से प्रमुख बाजारों व सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप का कहना है कि अभी तीन दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा दिख सकता है। रात में पाला पड़ने के आसार है। 13 व 14 जनवरी को फिर से बारिश की संभावना जताई है।
शुक्रवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा। पास की चीज भी स्पष्ट नहीं दिख रही थी। वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर रेंगते हुए सफर तय करना पड़ा। बर्फीली हवाओं से लोग पूरे दिन कड़ाके की ठंड से कांपते रहे। दोपहर में निकली धूप से भी लोगों को राहत नहीं मिली। सरकारी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीज व तीमारदार ठंड से बचने के लिए बाहर धूप में बैठे रहे, लेकिन कांपते रहे। शाम होते ही गलन और बढ़ गई। बाजारों व सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा। मौसम वैज्ञानिक का मानना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते 13 जनवरी को सर्द हवा चलने से ठंड बढ़ेगी और रात के तापमान में भी गिरावट आएगी।
ठंड बढ़ने से बाजार की रौनक भी छिन गई है। बाजारों में दुकानदारी ठंडी पड़ी है। दुकानदारों का कहना है कि सहालग न होने से धंधा वैसे ही मंदा पड़ा था, रही सही कसर ठंड ने पूरी कर दी है। दुकान का रोजाना का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। यही हाल रहा तो स्थिति और खराब हो जाएगी। अब तो मकर संक्रांति के बाद ही दुकानदारी कुछ संभलेगी। वहीं, इलेक्ट्रानिक बाजार जोर पकड़े है। दुकानों पर हीटर, ब्लोवर, गीजर व अन्य उपकरणों की बिक्री बढ़ गई है।