फोटो-5-कानपुर रोड पर लगी नारियल की रेहड़ी। संवाद
औरैया। जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है, वैसे-वैसे लोगों का गला सूखने लगा है। इसके अलावा मौसमी बीमारियों से बचने के लिए लोग अब शीतल पेयों का सहारा ले रहे हैं। इससे शहर में अचानक नारियल पानी की मांग में उछाल आया है, जिससे इसके दाम भी बढ़ गए है।
कुछ दिनों पहले तक जो नारियल 50 से 60 रुपये में आसानी से मिल जाता था, मांग बढ़ते ही उसकी कीमत अब 70 से 80 रुपये तक पहुंच गई है। इसके बावजूद सेहत के प्रति जागरूक लोग महंगे दामों की परवाह किए बिना नारियल पानी को प्राथमिकता दे रहे हैं। जिला अस्पताल की डॉ. प्रियांशी सिंह का कहना है कि कि गर्मी में डी-हाइड्रेशन से बचने के लिए नारियल पानी एक रामबाण इलाज है। लोगों का इसका उपयोग करना चाहिए।
शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर नारियल पानी की दुकानें सज गई हैं। वर्तमान में शहर में लगभग 10 प्रमुख स्थानों पर रेहड़ी लग रही हैं। कानपुर रोड पर दो प्रमुख स्थानों, ब्लॉक के पास तीन ठेले, जालौन चौराहा पर दो ठेलों पर सुबह से ही ग्राहक पहुंच रहे हैं। नारियल विक्रेताओं के चेहरे खिले हुए हैं।
नारियल पानी विक्रेता आर्यन ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही मांग दोगुनी हो गई है। हालत यह है कि एक ठेले से रोजाना औसतन 50 से 70 नारियल बिक रहे हैं। माल खत्म होने में ज्यादा समय नहीं लग रहा।