गांवों में बच्चों एवं महिलाओं में कुपोषण संबंधी समस्याओं को दूर करने को मंगलवार को जिले में पहला ग्रामीण स्वास्थ्य परीक्षण दिवस का शुभारंभ ग्राम लखनापुर में डीएम माला श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं एवं पोषक आहार के पैकेट प्रदान किए गए।
डीएम ने कहा कि जन्म से एक हजार दिनों तक बच्चे की अच्छी देखभाल उन्हें कुपोषण समेत अन्य बीमारियों से दूर रखती हैं।
महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए हरी सब्जियों के अधिकाधिक इस्तेमाल करने की सलाह दी। कहा कि लखनापुर में प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का आयोजन होगा।
इसमें गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का चेकअप कर संबंधित उपचार दिए जाएंगे। उन्होंने गांव में साफ सफाई रखने एवं जलनिकासी दुरुस्त रखने का आह्वान किया।
उन्होंने अधीनस्थों को इस संबंध में सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर ग्रामीणों ने कई समस्याओं को उठाया। सीएचसी दिबियापुर अधीक्षक डा. विमल कुमार ने बताया कि लखनापुर उन्होंने गोद लिया है। उन्होंने दावा किया कि अगले दो वर्षों में गांव में स्वास्थ्य, कुषोषण की समस्या दूर हो जाएगी।
इस मौके पर सीडीओ शिवराज, सीएमओ डा. एनकेएस यादव, एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव, बीडीओ भाग्यनगर रामसागर कनौजिया, सीएचसी अधीक्षक डा. विमल कुमार समेत जिले भर के कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।