सूर्य देवता ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। मौजूदा समय में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। शहर के प्रमुख स्थानों पर पीने के पानी की कोई समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोग भटकते देखे जाते हैं।
गर्मी में लोगों के जीने का सहारा केवल पानी ही है, वह भी बड़ी मशक्कत के बाद नसीब हो रहा है। लोग पानी की तलाश में दूर तक जाते हैं अथवा दुकान से पाउच खरीदकर प्यास बुझाते है। पेश है पालिका एवं जलनिगम की पोल खोलती एक रिपोर्ट---
यहां दम तोड़ चुका है सरकारी हैंडपंप - औरैया। ब्रहमनगर मोहल्ले में एक दर्जन हैंडपंप रिबोर की स्थिति में है, जबकि कई सरकारी हैंडपंप पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। खराब हैंडपंपों को दुरुस्त कराने के लिए किसी ने भी जहमत नहीं उठाई।
कालोनी के बाशिंदे पानी को परेशान - औरैया। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रमुख स्थानों पर पानी की समुचित व्यवस्था के निर्देश दे दिए गए हैं, लेकिन शहर के पेयजल व्यवस्था को देखकर नहीं लगता कि प्रशासन की ओर से कोई भी इंतजाम किए गए हैं।
दिबियापुर रोड स्थित कांशीराम कालोनी में सात हैंडपंप लगे हुए हैं, जिनमें से चार खराब पड़े हैं। लोगों ने प्रशासन से हैंडपंप ठीक कराने की गुहार लगाई, लेकिन किसी के कानों में जूं तक नहीं रेंगी।