औरैया। जिले में बिजली आपूर्ति की लड़खड़ाई है। जिससे लोग परेशान हैं। हालत यह है कि एक पखवारे से आपूर्ति बाधित होने से लोगों को अनेकों परेशानियां उठानी पड़ रही है। बिजली कटौती से पानी की किल्लत बढ़ी है। व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है।
शासन से शहरी क्षेत्र में 24 घंटे और देहात क्षेत्र में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश हैं। इसके बावजूद अघोषित बिजली कटौती के कारण तय किए गए रोस्टर धरे के धरे हैं। जिस कारण से उपभोक्ताओं को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। शहर में इन दिनों पांच से छह घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में छह से सात घंटे तक आघोषित बिजली कटौती की जा रही है। कुछ अधिकारी ऊपर से बिजली कम मिलने की बात कह रहे हैं तो कुछ रोस्टर के अनुसार आपूर्ति किए जाने का दम भर रहे हैं। इधर लगातार हो रही कटौती और त्योहारी सीजन होने से लोग परेशान हैं।
कस्बा खानपुर निवासी बाबू खां ने बताया कि कटौती के कारण रात की नींद हराम है। पानी की आपूर्ति भी इन दिनाों समय से नहीं हो रही है। कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।
ब्रह्मनगर निवासी व्यापारी मनोज ने बताया कि पूरे दिन बिजली की आंख मिचौली ने परेशान कर दिया है। दिन में कई बार कटौती से व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। खासकर पानी की समस्या है।
खानपुर के मोहल्ला रहमतगंज निवासी शबीर ने बताया कि विभाग की ओर से 18 घंटे आपूर्ति का दावा किया जाता है। जबकि हकीकत देखी जाए तो 10-11 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। मच्छर नोंचते हैं।
पूर्व सभासद नरेश भारती ने बताया कि 24 घंटे आपूर्ति का रोस्टर है। जबकि बिजली विभाग के अधिकारी आधे से अधिक दिन शहर में चेकिंग करते रहते हैं। इस दौरान आपूर्ति बंद करा दी जाती है।
वर्जन
शहर व कस्बा खानपुर में बिजली आपूर्ति रोस्टर के अनुसार ही की जा रही है। लेकिन इन दिनों थोड़ी समस्या है। जल्द ही समस्या दूर कर ली जाएगी। महेंद्र कुमार, एसडीओ सदर डिवीजन