चुनावी महासमर का आज यानी रविवार को इम्तहान है। मतपत्र पर हमारी-आपकी मुहर एक सुनहरे भविष्य का निर्माण करेगी। इमानदार और जुझारू प्रत्याशी के चयन में हमें भी अपनी रचनात्मक समझ का परिचय देने होगा। जिले के 1037881 मतदाता 32 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाता चाहे तो जनपद वोटिंग प्रतिशत के मामले में प्रदेश में ही नहीं देश में भी टॉप कर सकता है। बशर्ते हर एक वोटर को घर से निकल बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना होगा। वोटिंग-डे को हॉली-डे की तरह न मनाकर मतदान केंद्रों पर हर हाल में पहुंचना होगा। एक-एक वोट कीमती है। आपका एक वोट अच्छी सरकार चुनने में मदद कर सकता है। पोलिंग बूथ पर आपको वोट डालने में कोई दिक्कत न हो इसके लिए इन बिदुओं पर भी गौर करें।
पहचान पत्र नही है तो ऐसे डाले वोट
आयोग ने अब आधार कार्ड को भी मतदाता के पहचानपत्र के तौर पर मानने का निर्णय लिया है। इसके अलावा पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य व केंद्र सरकार के अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों व पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त पहचानपत्र भी मतदाता की पहचान बताने में सक्षम होगें। यही नहीं बैंक, डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पैनकार्ड, आरबीआइ, एनपीआर की ओर से जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉबकार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन के दस्तावेज, निर्वाचन तंत्र से जारी प्रमाणिक फोटो मतदान पर्ची तथा सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचानपत्र भी मतदाता पहचान पत्र के तौर पर मान्य किए गए हैं। इसलिए यह 12 विकल्प आपकों मतदान करने के योग्य बना रहे है।
बुजुर्ग और विकलांगों के लिए नहीं होगी लाइन
आपके घर में अगर बुजुर्ग और विकलांग है तो परेशान न हों। उनकों लाइन में नही खड़ा होना पड़ेगा। मतदान केंद्र पर बीएलओ होंगे और विकलांग मित्र भी। विकलांगों को वह ट्राइसाइुिकल उपलब्ध कराएंगे और लाइन से पहले वोट डलवाएंगे। वहीं बुजुर्ग और बीमार को भी बिना लाइन में लगे वोट डलवाया जाएगा। इसके लिए सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं।
200 मीटर दूर खड़े होंगे वाहन
आप अपने वाहन से बूथ तक जा सकेंगे। वाहन को बूथ से दो सौ मीटर दूर खड़ा करना होगा। मगर यह ध्यान रखें कि वह वाहन बार बार बूथ के चक्कर न लगाए वरना उसे उल्लंघन माना जाएगा। इसके अलावा बूथ तलाशने में या कक्ष तलाशने में कोई दिक्कत हैं तो मतादाता पर्ची में बीएलओ का नंबर है। उसे फोन करके आप जानकारी कर सकते है।
मतदान कक्ष में सेल्फी पर रहेगी रोक
इस बार मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल ले जाने पर रोक लगाई गई है। इसलिए आप अपने मोबाइल को मतदान केंद्र के बाहर ही रखेंगे। बाहर निकलकर ही आप सेल्फी ले सकते हैं। मतदान कक्ष के अंदर सिर्फ मतदान कर्मचारी ही मोबाइल रख सकेंगे सेल्फी वो भी नही लेंगे। और उनके मोबाइल बाइब्रेट मोड पर रहेंगे।
वोट पड़ने पर डाल सकते हैं चैलेंज वोट
अगर मतदाता सूची में आपका नाम गलत है या फिर यह पता चलता है कि आपका वोट पड़ गया है तो आप दो रुपये जमा करके चैलेंज वोट डाल सकते है। मतदान केंद्र पर पहुंचने पर आपकों वोट डालने से नही रोका जा सकता है।