कोतवाली क्षेत्र के गांव गोहना में देर शाम चूल्हे की चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। हवा के साथ आग ने 14 घरों को चपेट में ले लिया। दमकल पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ितों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
बुधवार की देर शाम रामलखन पुत्र सुखलाल के घर खाना बन रहा था। उसी दौरान चूल्हे की चिंगारी से घर में आग लग गई। आग ने पड़ोसी दिनेश कुमार पुत्र सुखलाल, संदीप, अभय प्रताप, देवेंद्र कुमार, धर्मेंद्र सिंह, रामप्रकाश, नागेश पुत्र रामप्रकाश, वीरेंद्र सिंह, नाथूराम, संजू कुमार, करन सिंह, शिव कुमार, सुरेंद्र कुमार के घरों को अपनी चपेट में ले लिया।14 घरों में लगी आग से गांव में कोहराम मच गया।
आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने गांव वालों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया। आग को बेकाबू होता देख दूसरी फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। तब आग पर काबू पाया जा सका। आग से सभी घरों में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया है। इस घटना से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आगजनी की जानकारी होने पर लेखपाल देवेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। ग्रामीणों ने पीड़ितों को मुआवजा दिलाए जाने की जिला प्रशासन से मांग की है।