सामाजिक संस्था भारत विकास परिषद के बैनर तले 26 सितंबर से 11 अक्तूबर तक चलाए जा रहे विकास पखवारे के पांचवें दिन अग्रसेन जूनियर हाईस्कूल में नृत्य एवं गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
अक्षय ने- चिट्ठी आई है आई है... गाना सुनाकर खूब तालियां बटोरी, उन्हें प्रथम स्थान से नवाजा गया। वहीं नृत्य में तस्वी ने अपने ठुमकों से सभी को तालियां बजाने के लिए विवश कर दिया। तस्वी ने नृत्य में प्रथम स्थान अर्जित किया। दो ग्रुप में हुई गायन प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में 12 तो सीनियर में पांच प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
जूनियर वर्ग में अक्षय सक्सेना ने पंकज उदास की गजल- चिट्ठी आई है आई है चिट्ठी आई है... सुनाकर तालियां बटोरी। निर्णायक मंडल ने उन्हें प्रथम पुरस्कार से नवाजा। इसके अलावा तृप्ती पोरवाल द्वितीय व कृतिका व श्रेयश ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं सीनियर वर्ग की गायन प्रतियोगिता में दिव्या प्रथम, मीनाक्षी द्वितीय व कोकिला तृतीय रहीं, जबकि कक्षा आठ तक के बच्चों की हुई नृत्य प्रतियोगिता में 39 बच्चों ने भाग लिया, जिसमें तस्वी के ठुमकों ने सभी को हिला डाला, उन्हें प्रथम स्थान मिला।
वहीं शिल्पी चौहान, कंचन वर्मा व रिया पोरवाल को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रंशिका को तृतीय स्थान पर संतोष करना पड़ा।
इससे पूर्व निर्णायक मंडल के ज्ञान सक्सेना व विनीती अग्रवाल ने मां शारदे के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर व माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संचालन गुरू प्रताप वर्मा ने किया।
इस मौके पर कार्यक्रम आयोजक सुहास करमकर, सोमनाथ विश्नोई, डा. गुरू प्रताप वर्मा, संजीव वर्मा के अलावा भारत विकास परिषद के अध्यक्ष विनय अग्रवाल, सचिव डा. शिव शरण सिंह परिहार, कोषाध्यक्ष स्वतंत्र अग्रवाल, विकास पखवारा प्रभारी अशोक त्रिपाठी, सौरभ पुरवार, अनिल दीक्षित, डा. अनीता परिहार, डा. ममता पांडेय आदि मौजूद रहे।
अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 11 अक्तूबर को सायं चार बजे अग्रसेन जूनियर हाईस्कूल सत्तेश्वर मोहाल में होने वाले वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के बाद पुरस्कृत किया जाएगा।