बस से रवाना होने से पहले शिक्षकों के संग मौजूद छात्र-छात्राएं।
- फोटो : स्रोत:शिक्षक
औरैया। शहर के नगर पालिका इंटर कॉलेज से बृहस्पतिवार को भारत स्काउट और गाइड के दल को बस से लखनऊ रवाना किया गया। छात्र-छात्राओं का यह दल 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में योगा डिस्प्ले प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगा। इस दौरान बच्चों को शिक्षकों ने पिछले दो सालों की तरह इस बार भी जिले का प्रथम स्थान लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
लखनऊ में 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में योगा डिस्पले प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जिले के 22 स्काउट, 11 गाइड, पांच स्काउटर व एक गाइडर का दल कानपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना हुआ। जिले भर के इन बच्चों को बृहस्पतिवार को शहर के नगर पालिका इंटर कॉलेज में बुलाया गया था। यहां डीआईओएस प्रदीप कुमार मौर्य व नगर पालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील कुमार मिश्रा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर बच्चों का मनोबल बढ़ाया गया। पिछले दो सालों की तरह इस बार भी जिले का प्रथम स्थान लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर शिक्षकों में त्रिलोक बाजपेई, अरुण त्रिपाठी, प्रदीप दुबे, ऋषभ मिश्र, महेंद्र शुक्ला, सुलखान सिंह, बाबूराम, विनोद कुमार, संध्या तिवारी आदि मौजूद रहे।