अजीतमल। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ संत कुमार ने एसडीएम निखिल राजपूत, तहसीलदार अविनाश कुमार, नायब तहसीलदार प्रतिभा पाल समेत सीओ एमपी सिंह के साथ शिकायतों को सुना।
खूखूपुर गांव के करीब 20 से ज्यादा बच्चे तहसील पहुंच गए। अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चे अपने गांव स्थित परिषदीय विद्यालय को गांव में ही रखे जाने की गुहार लगा रहे थे। अभिभावकों ने कहा कि करीब दो किमी दूर गांव फूलपुर स्थित परिषदीय विद्यालय में इन बच्चों को समाहित किया गया है। फूलपुर तक जाने में नहर बीच रास्ते में पड़ती है। इससे बच्चों के साथ कभी भी अनहोनी हो सकती है। बाबरपुर के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासियों ने मुख्य गली के निर्माण के लिए प्रार्थनापत्र दिया।
हाफिजपुर गांव निवासी राधा ने नामजद पर 15 हजार रुपये रिश्वत ले लिए जाने के बावजूद भी आवास न दिलाने का आरोप लगाया। सीडीओ संतकुमार ने बताया कि जनसुनवाई में कुल 90 शिकायतें आईं थी। इसमें से नौ का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।