फोटो-17-सीएचसी में बच्चे का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
बिधूना। बढ़ती सर्दी का असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बदलते मौसम में नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चे मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
खांसी, जुकाम, बुखार, गले में खराश और श्वांस से संबंधित समस्याओं के मामले प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना में मंगलवार को बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कृपाराम ने कई बच्चों का परीक्षण कर उपचार किया।
डॉक्टर ने बच्चों को दवाएं देने के साथ अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को सर्दी से बचाएं, उन्हें ऊनी कपड़े पहनाएं और धूप में बैठाएं। बच्चों को सुबह उठते ही न नहलाएं। उधर, मातृ शिशु अस्पताल व सीएचसी में हर दिन 15 से 20 बच्चे जुकाम, बुखार से ग्रस्त होकर पहुंच रहे हैं।
डॉ. कृपाराम ने बताया कि बच्चों को भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रखें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने यह भी बताया कि सर्दी-जुकाम के शुरूआती लक्षण दिखते ही बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर आएं, ताकि समय पर उपचार मिल सके और स्थिति न बिगड़े।