औरैया। शाहजहांपुर स्थित आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे छतरपुर के श्रद्धालुओं की कार बुधवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मध्य प्रदेश स्थित जनपद छतरपुर के बिहारी मार्ग निवासी प्रमोद गुप्ता और पदमा गुप्ता, नौगांव रोड निवासी सावित्री गुप्ता व पन्ना नाका निवासी चालक रामकृष्ण द्विवेदी 15 फरवरी को शाहजहांपुर के एक आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बुधवार को सभी कार से वापस छतरपुर वापस जा रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 228 के पास जालाैन जिले की सीमा में शाम पांच बजे के करीब उनकी कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार चारों घायल हो गए जबकि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर एक्सप्रेसवे के कर्मी पहुंचे। मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि घायलों के परिजन को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।