अपराधों पर अंकुश लगाने को पुलिस को हाईटेक बनाने की दिशा में आईजी ने एक कदम और बढ़ा दिया है। जिले में तैनात चीता मोबाइल पुलिसकर्मियों को हाइवे की चौकसी के लिए अब रिवाल्वर उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले में 50 पुलिसकर्मी अब रिवाल्वर से लैस किए जाएंगे। साथ ही सिपाही हाइवे पर आए दिन लगने वाले जाम को हटवाएंगे।
भारी भरकम रायफल टांग कर सुरक्षा करने वाले चीता मोबाइल पुलिसकर्मी कोजल्द ही उससे छुटकारा मिल जाएगा। इसकी जगह पर उन्हें रिवाल्वर उपलब्ध कराई जाएंगी। हाइवे पर बढ़ती लूट की वारदातों को देखते हुए आईजी आशुतोष पांडेय ने पुलिस को और हाईटेक बनाने की योजना बनाई है।
एक बाइक पर दो चीता मोबाइल पुलिसकर्मी होंगे, जो हाइवे के अलावा शहर की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। सभी चीता मोबाइल पुलिसकर्मियों की वीट निर्धारित की जाएगी। वारदा होने पर संबंधित चीता मोबाइल पुलिसकर्मी जिम्मेदार होंगे।
असलाहों के उपलब्ध होने के बाद चीता पुलिसकर्मी का कार्य क्षेत्र भी बढ़ाया जाएगा। वहीं हाइवे पेट्रोलिंग पुलिस भी चीता मोबाइल पुलिसकर्मियों का सहयोग करेंगी।
यह होंगे लाभ:-* रिवाल्वर मिलने से अपराधियों की धरपकड़ में होगी आसानी * रायफल लादकर भागने में होती थी परेशानी, रिवाल्वर मिलने से मिलेगी आसानी
बनेगा रिपोर्ट कार्ड - शहर की सुरक्षा का दारोमदार अब काफी हद तक चीता मोबाइल पुलिसकर्मियों के ऊपर होगा। अपराधों पर अंकुश लगाने वाले इन पुलिसकर्मियों का रिपोर्ट कार्ड बनाया जाएगा, जो एसपी कार्यालय से आईजी कार्यालय भेजा जाएगा।
भारी हथियार लेकर चलने वाले चीता मोबाइल पुलिसकर्मियों की परेशानी को देखते हुए उन्हें रायफल की जगह पर रिवाल्वर दिए जाने का निर्णय लिया गया है। इससे अपराधियों को पकड़ने में आसानी मिलेगी।- मनोज तिवारी, एसपी