बिधूना। इटावा जनपद के थाना भरथना गांव निनावा निवासी पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बिधूना कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में पीड़ित ने आरोपियों पर कानपुर मेट्रो में संविदा पर नौकरी लगाने के लिए फर्जी कागजात तैयार करके ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू की है।
गांव निनावा निवासी अवनीश चंद्र ने बिधूना पुलिस को तहरीर देकर चार लोगों पर आरोप लगाया है। बताया कि कानपुर मेट्रो में संविदा पर नौकरी लगाने के लिए कल्याणपुर, कानपुर निवासी गौरव कुमार, उसकी पत्नी वर्षा सिंह, बिधूना आदर्श नगर वाल्मीकि बस्ती सुरजपुर निवासी मोहित कुमार व राकेश कुमार ने 30 लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। इसमें आरोपियों ने पीड़ितों को नौकरी लगवाने के लिए कार्यालय सहायक, सुपरवाइजर आदि अन्य पद के लिए 80 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक की सिक्योरिटी जमा कराई।
चार फरवरी 2022 को फर्जी इंटरव्यू दिखाकर फर्जी कूटरचित नियुक्ति पत्र भी दे दिया। बाद उक्त पत्र को फर्जी बताकर दूसरा दिए जाने की बात कही। जिस पर आरोपियों ने फिर एक फर्जी कूटरचित नियुक्ति पत्र वर्षा इंटरप्राइजेज के नाम से तैयार कर दिया। काफी समय तक किसी को वेतन नहीं दिया। आरोप है कि जब कई बार वेतन मांगा तो सभी के लिए 16 लाख रुपये की फर्जी चेक दे दी। पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने इस बावत कंपनी के सीईओ राकेश कुमार व कंपनी मालिक वर्षा सिंह के पास जाकर शिकायत की तो कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव व वर्षा भड़क कर गालीगलौज करने लगे। पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी श्रीकेश भारती ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।