दिबियापुर (औरैया)। सीआईएसएफ की आरक्षक अग्नि की भर्ती के लिए हुई दौड़ के दौरान चार अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। तीन अभ्यर्थियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीआईएसएफ इकाई गेल पाता में शुक्रवार की सुबह से आरक्षक अग्नि की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। सात अक्तूबर तक चलने वाली भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 24 हजार अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। सबसे पहले अभ्यर्थी के शैक्षिक अभिलेख चेक किए जाते हैं। लंबाई और सीने की चौड़ाई नापने के बाद प्रतिदिन 75-75 अभ्यर्थियों के समूहों को छह चरण में दौड़ में भाग लेना होता है। अभ्यर्थियों की दौड़ के लिए पॉलीटेक्निक कालेज रोड का चयन किया गया है। दौड़ में चार अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। आननफानन एंबुलेंस की मदद से चारों अभ्यर्थियों सत्यम जिला बिजनौर, रमेश तिवारी निवासी हरदोई, अवधेश निवासी जिला बदायूं, अर्पित पाल निवासी नवरोतन जिला उन्नाव को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से रमेश, अवधेश व अर्पित को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि चार अभ्यर्थियों को सीआईएसएफ ने इलाज के लिए भर्ती कराया था। इसमें से तीन को रेफर कर दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को चार युवकों की हालत बिगड़ी थी। जिसमें से गौरव (22) पुत्र मदन निवासी रामपुर खादर, दनकौर जिला गौतमबुद्ध नगर को सीएचसी दिबियापुर में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया था।