सीएचसी में बंद पड़ी एक्स-रे मशीन।संवाद
- फोटो : Samvad
बिधूना। सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था बदहाल हो गई है। अस्पताल की प्रयोगशाला में लगी फाइव पार्ट सीबीसी मशीन का रीजेंट एक माह से खत्म है। वहीं, एक्सरे मशीन भी 15 दिन से तकनीकी खराबी के कारण बंद है। इन दोनों जांच सुविधाओं के ठप होने से मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं का सहारा लेना पड़ रहा है।
सीएचसी में प्रतिदिन करीब 300 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। वायरल बुखार में प्लेटलेट्स कम होने व अन्य बीमारियों में सीबीसी जांच की जरूरत पड़ती है। अस्पताल में जांच न होने से मरीज निजी लैब में 300 से 500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को परेशानी हो रही है। प्रतिदिन 40 से 50 मरीज एक्सरे कराने आते हैं। मशीन खराब होने से उन्हें निजी केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
-
कंपनी को कई बार किया पत्राचार
अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि सीबीसी मशीन के रीजेंट के लिए उच्चाधिकारियों को कई बार पत्राचार किया गया। पीओ सिटी कंपनी से फोन पर भी संपर्क किया गया, लेकिन रीजेंट नहीं मिला। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निरीक्षण में भी यह समस्या रखी गई थी। एक्सरे मशीन कृष्णा डायग्नोसिस कंपनी ने लगाई थी। मशीन ठीक करने के लिए कंपनी को कई बार पत्राचार और फोन किया गया, पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा।