अजीतमल। एक ब्रांडेड कंपनी के अधिकारियाें ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर एक दुकानदार पर उनकी कंपनी के नाम लिखी नकली पानी की टंकी बेचने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
लाल सिंह कादयान पुत्र शेर सिंह, लांसर्स नेटवर्क लि. जो कि सिंटेक्स कंपनी एपीएल लिमिटेड, सैदुल्ला गांव, साकेत, नई दिल्ली में बतौर कंपनी ऑपरेशन मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने अजीतमल कोतवाली पुलिस को एक तहरीर दी। इसमें बताया कि उनकी कंपनी के ब्रांड नेम लिखी नकली पानी की टंकियां बेचे जाने की जानकारी मिली थी। इस पर वह कंपनी के कर्मचारी अनुकल्प सिंह के साथ आठ मई को फूंटा कुआं के पास बताई गई परिहार इंटरप्राइजेज की दुकान पर ग्राहक बनकर चेकिंग करने पहुंचे।
जहां हुबहू सिंटेक्स की बनावटी टंकियों को देखकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर उसने दुकानदार श्रीपाल से पूछताछ की तो वह पानी की टंकियों के कोई कागजात बिल आदि नहीं दिखा सका। कंपनी मैनेजर लाल सिंह ने बताया कि पानी की टंकियों को हुबहू सिंटेक्स की तरह बनाया गया है। ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली टंकियों के बेचे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर 500 लीटर की आठ टंकियां बरामद हुई हैं जो नकली हैं। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
-