फोटो-25- बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर खड़ी क्षतिग्रस्त कार व मौजूद लोग। स्रोत ग्रामीण
औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के अछल्दा के गांव तुर्कपुर के पास एक तेज रफ्तार ईको कार पलट गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी ले जाया गया। वहां से एक को रेफर कर दिया गया। कार में नौ लोग सवार थे। वह मजदूरी के लिए पीलीभीत से उरई जा रहे थे। हादसा कार का टायर पंचर होने से हुआ।
हादसा सुबह करीब चार बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 270.2 पर हुआ। कार में सवार सभी लोग पीलीभीत जिले के थाना नूरिया अंतर्गत ग्राम मरोड़ी के रहने वाले हैं। ये सभी मजदूर धान की रोपाई और अन्य मजदूरी के काम के लिए उरई जा रहे थे। तभी अचानक कार का अगला टायर पंचर होकर फटने से चालक ने संतुलन खो दिया और गाड़ी हाईवे पर ही पलट गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल जगदीश (40) को रेफर कर दिया गया। छत्रपाल (28) और रामचंद्र (35) मामूली चोटें आईं, उनका सीएचसी में उपचार जारी है। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि घायलों के परिजन को सूचना दे दी गई है। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया था।