मुरादगंज। कानपुर-इटावा हाईवे पर सोमवार सुबह गांव चंदनापुर कट के पास बगल से गुजर रहे एक अज्ञात ट्रक का अचानक टायर फटने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार दंपती व मासूम समेत चार घायल हो गए। कार सवार सभी गुरुग्राम से नोएडा जा रहे थे।
उन्नाव जिले के नवाबगंज निवासी जितेंद्र (40) और उनके गांव के ही शुभम (28) गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। रविवार रात जितेंद्र और शुभम उनकी पत्नी रिंकी (25) और दो वर्षीय बेटा सम्राट के साथ वहां से घर जाने के लिए कार से निकले। सोमवार सुबह उनकी कार कानपुर-इटावा हाईवे पर चंदनापुर कट के पास पहुंची, तभी अचानक बगल से गुजर रहे एक अज्ञात ट्रक का टायर तेज आवाज के साथ फट गया। टायर फटने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह बेकाबू होकर हाईवे किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर सदर कोतवाली और मुरादगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को शहर स्थित जिला अस्पताल ले गई। पुलिस की सूचना पर दोनों के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उपचार के बाद सभी उन्नाव के लिए निकल गए। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।