सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर रात गांव भाऊपुर के पास ओवरब्रिज पर बेकाबू कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार में बैठे दूल्हे का हाथ टूट गया।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर रात गांव भाऊपुर के पास ओवरब्रिज पर बेकाबू कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार में बैठे दूल्हे का हाथ टूट गया। ड्राइवर चुटहिल हो गया। इसी बीच पीछे से आ रही बारात की दूसरी कार पहुंच गई। इससे दूल्हा और घायल चालक को कानपुर भेज दिया गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कोतवाली पहुंचाया।
बुधवार की रात कन्नौज जिले के छिबरामऊ से बोलेरो दूल्हे को लेकर कानपुर देहात की ओर जा रही थी। सदर कोतवाली क्षेत्र में ग्राम भाऊपुर के पास ओवरब्रिज के डिवाइडर से बोलेरो टकरा गई। हादसे में बोलेरो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एक टायर निकलकर दूर जा गिरा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि अचानक हुई टक्कर में बोलेरो सवार दूल्हा हरगोविंद उर्फ जीतू का हाथ टूट गया।
ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आईं। इसी बीच पीछे से आ रही बारात की दूसरी कार में सवार लोगों ने बोलेरो से ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला। घायल दूल्हा हरगोविंद व ड्राइवर को दूसरी कार से कानपुर उपचार के लिए रवाना कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बोलेरो कार को ओवरब्रिज से हटवाकर कोतवाली पहुंचाया।