बिधूना-बेला मार्ग पर जाम लगाए ग्रामीण
- फोटो : amar ujala beuro
बिधूना-बेला मार्ग पर सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बेला-बिधूना मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। एक घंटे तक लगे जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
कोतवाली क्षेत्र के रायपुर बिधूना गांव निवासी सिया देवी (50) पत्नी रतीराम दो दिन पूर्व अपने रिश्तेदार के घर कीरतपुर गांव आई थी। रविवार दोपहर वह किसी काम से बाजार सामान लेने जा रही थी। तभी कीरतपुर के सामने डिवाइडर पार करते समय बिधूना की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में महिला की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने बेला-बिधूना मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने पर ग्रामीणंों ने एक घंटे बाद जाम खोला। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए इटावा रवाना कर दिया है।
अधेड़ का शव मिला
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के बेला रोड पर कमलपुर नगर के पास एक अधेड़ का शव पड़ा मिला है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। बिधूना कोतवाल विक्रमाजीत ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह मानसिक रूप से बीमार था। सड़कों पर अक्सर पैदल घूमता रहता था।