फफूंद(औरैया)। फफूंद-दिबियापुर रोड पर भाग्यनगर के पास एक कार सड़क पर प्लास्टिक पाइप से लदे खड़े ट्रैक्टर में भिड़ गई। हादसे में ट्रैक्टर के पास खड़े तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में फफूंद के मजदूर केशरी की मौके पर मौत हो गई। वहीं, आगरा व हाथरस निवासी उसके दोनों मजदूर साथी घायल हो गए। दोनों को सैफई रेफर कर दिया गया है। घटना के समयतीनों पाइप की ढीली रस्सी बांध रहे थे।
फफूंद के गांव सियापुर निवासी केशरी (55) दिबियापुर में जल निगम की निर्माणाधीन पानी की टंकी में मजदूरी करते थे। सोमवार की रात केशरी आगरा के थाना खैरागढ़ के गांव समाधि खानपुर निवासी अपने साथी अशोक सिंह (48) और हाथरस के थाना सादाबाद के गोपरा निवासी इंदल सिंह (50) के साथ ट्रैक्टर पर पाइप लादकर दिबियापुर जा रहे थे।
घायलों के हुई पूछताछ के अनुसार भाग्यनगर गांव के पास पहुंचते ही पाइप में बंधी रस्सी ढीली हो गई। ये देखकर तीनों लोग सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा कर रस्सी कस रहे थे। तभी फफूंद की ओर से आ रही कार ने पीछे से ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में केशरी की मौके पर ही मौत हो गई। अशोक व इंदल घायल हो गए।
सीएचसी में उनकी नाजुक हालत देख दोनों को सैफई रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने बताया कि मृतक के पुत्र पंकज की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है।