औरैया। हाईवे पार कर रहे वृद्ध को बचाने के प्रयास में एक कार और बाइक भिड़ गईं। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना सोमवार शाम करीब छह बजे की है। विशाल शुक्ला (40) निवासी ब्रह्मनगर औरैया अपनी पत्नी ऋचा शुक्ला (37) के साथ ब्रेजा कार से औरैया की तरफ आ रहे थे। इनकी कार के पीछे बाइक सवार निखिल कटियार (32) निवासी गनेशपुर राजपुर कानपुर देहात भी आ रहा था। जनेतपुर गांव के पास एक राहगीर हाईवे पार कर रहा था। उसे बचाने के प्रयास में कार में बाइक भिड़ गई।
लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इससे कार सवार विशाल व ऋचा और बाइक सवार निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाकर वाहन रास्ते से हटवाए।