दिबियापुर। रेडक्रॉस सोसायटी, नीमा व वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति, उद्योग व्यापार मंडल, प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकाला।
इसके बाद में बगिया आयोजित शोक सभा में मारे गए लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सोसायटी के चेयरमैन डॉ. कप्तान सिंह ने कहा कि सरकार को इन आतंकियों की हरकत का करारा जवाब देना चाहिए। पूर्व चेयरमैन अरविंद पोरवाल ने कहा कि सरकार कठोर कार्रवाई करे। वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के सचिव रमेश चंद्र शुक्ला ने कहा कि यह देश को कमजोर करने की साजिश है, इसका मजबूती से जवाब दिया जाए।
नीमा के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने घटना की निंदा की। कहा कि आतंकियों को सजा ऐसी मिले, कि उनकी पीढि़यां याद रखें। इस मौके पर उप्र उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता पैराडाइज, शिक्षक नेता अमित पाल, अहिल्याबाई होल्कर समाज सेवा समिति के संयुक्त मंत्री अजय पाल, डॉ. हरीबाबू, डॉ. राकेश पाल, डॉ. विश्वास, डॉ. अशोक शर्मा, संतोष सोनी, अमित पोरवाल, अनिल पोरवाल, श्याम वर्मा आदि उपस्थित रहे।
पुतला फूंका, विहिप व बजरंग दल ने किया प्रदर्शन
अजीतमल। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बाबरपुर तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने पाक का पुतला जलाया। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार को इस आतंकी हमले का उचित जवाब देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल के सदस्यों ने कहा कि आतंकियों और उनके समर्थकों को कठोर जवाब दिया जाएगा। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के शिव महेश दुबे, बजरंग दल के दीपक वर्मा ने केंद्र सरकार से पाकिस्तान व आतंकियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की। (संवाद)