भीड़ भाड़ वाले नहर बाजार इलाके में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया। जब अचानक तेज चिंगारी के साथ हाईटेंशन लाइन टूटकर सड़क पर आ गिरी। एक बाइक एवं एक साइकिल सवार लाइन की चपेट में आ गए। दोनों अपने- अपने वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। इसके बाद काफी देर तक नहर बाजार का यातायात ठिठका रहा।
निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप दोपहर 12 बजे दिबियापुर की विद्युत आपूर्ति प्रारंभ हुई। आपूर्ति प्रारंभ होते ही औरैया- कन्नौज मुख्य मार्ग स्थित नहर बाजार में ककराही बाजार की हाईटेंशन लाइन तेज चिंगारियों के साथ टूट गई।
चिंगारी उठते देख नहर बाजार में हड़कंप मच गया। एक साइकिल एवं एक बाइक सवार के वाहन टूटे तार की चपेट में आ गए। दोनों वाहनों पर सवार लोग भाग खड़े हुए। नहर बाजार का यातायात जहां का तहां ठिठक गया।
घटनास्थल पर मौजूद नगर पंचायत दिबियापुर के वरिष्ठ सभासद सुभाष यादव ने असेनी पावर हाउस में फोन कर विद्युत आपूर्ति कटवाई। लाइनमैन ने आकर तारों को दुरुस्त किया। लगभग दो घंटे बाद ककराही बाजार फीडर की विद्युत आपूर्ति प्रारंभ हो पाई।
लोगों का कहना है कि कई वर्षों पुराने जर्जर तार हादसे को दावत देते हैं। ककराही बाजार फीडर की लाइन अक्सर ही नहर बाजार एवं इसके आसपास टूट जाती है। लोगों ने विद्युत विभाग से तार बदले जाने की मांग की है।
बिजली तारों की चपेट में आया मोर मरा - दिबियापुर (औरैया)। बेला रोड पर बुधवार की शाम ब्लाक संसाधन केंद्र भाग्यनगर के सामने एक मोर बिजली के तारों से टकरा कर मर गया।
लोगों ने मामले की सूचना दिबियापुर पुलिस को दी है। जानकारी के अनुसार शाम के समय बीआरसी के सामने उड़ रहा एक मोर अचानक बिजली के तारों की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसा मोर गिरकर मर गया।