औरैया। खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से महात्मा गांधी ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत सोमवार को
बहादुरपुर ब्लाक के गांव भरसेन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। शिविर में जैम, मुरब्बा व अचार बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। उद्घाटन क्षेत्र पंचायत सदस्य अनामिका ने किया। उन्होंने महिलाओं को विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की अपील की।
इस दौरान केंद्र प्रभारी राजीव शुक्ला ने बताया कि इस योजना में अपना लघु उद्योग लगाने पर विभाग की ओर से 50 प्रतिशत व अधिकतम एक लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। प्रभात कुमार वर्मा ने उद्योग स्थापना के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में बैकुंठ नारायण ने ग्रामीण स्तर पर बनाए जाने वाले खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित विभिन्न उत्पाद जैसे जैम, मुरब्बा अचार, सॉस आदि के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में 30 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस मौके पर अशोक अवस्थी ने प्रयोगात्मक कार्य कराया। संचालन अनिल कुमार ने किया।