दिबियापुर। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार रात को औचक निरीक्षण कर दिबियापुर रोडवेज बस स्टेशन की व्यवस्थाएं परखीं।
इस दौरान उन्होंने सड़क बनने के बाद यहां से लखनऊ, दिल्ली, मथुरा, आगरा बस सेवा चालू कराने का आश्वासन भी दिया। वे पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने सेहुद गांव आए थे।
वहां से वापस लखनऊ लौटते समय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार रात सबसे पहले शिलान्यास, लोकार्पण पट्टिका फिर बसों की लिस्ट देखी। बाद में उन्होंने कार्यालय समेत परिसर का अवलोकन भी किया। वर्कशॉप के लिए उन्होंने जमीन भी देखी।
इसके बाद परिवहन मंत्री दयाशंकर मीडिया से मिले। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस अड्डे की सड़क बनने के बाद यहां से लखनऊ, दिल्ली, आगरा और मथुरा के लिए रोडवेज बस सेवा चालू कराने का आश्वासन दिया। साथ ही परिसर में रोडवेज बस का वर्कशॉप भी बनाया जाएगा। इससे क्षेत्रीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण में उनके संग भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया, योगेश त्रिपाठी, शिव सिंह भारती, यशवीर सिकरवार, विशाल शुक्ला समेत कई लौग मौजूद रहे।
इससे पहले नगर पंचायत दिबियापुर चेयरमैन राघव मिश्रा ने रोडवेज बस स्टेशन की समस्याओं को लेकर परिवहन मंत्री से मुलाकात की थी और उन्हें मांगपत्र दिया था। मंत्री ने बस स्टैंड के विधिवत संचालन के साथ अपेक्षित बसों का संचालन शुरू कराने का आश्वासन दिया हैं।