औरैया। जिला मुख्यालय के एरवाकटरा से जोड़ने के लिए बरौनाकला बस सेवा के पहिए कई बार थम चुके हैं। राजस्व घाटे के चलते इस रूट पर बस का संचालन पिछले दिनों बंद हो गया था। अब एक बार फिर से इस रूट पर डिपो की ओर से बस को दौड़ाया जा रहा है। इस बार डिपो की ओर से प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया गया है।
औरैया डिपो से रोजाना 65 बसों के जरिए विभिन्न रूटों पर आवागमन की सुविधा दी जा रही है। जिले के अंदर चार बसें छोटे रूटों पर दौड़ाई जा रही है। पिछले दिनों राजस्व घाटे के चलते बंद हो गई बरौनाकला बस को एक बार फिर से डिपो ने चलाया है। ऐसे में एरवाकटरा क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिली है लेकिन यहां पर यात्रियों की कम संख्या एक बार फिर से बस संचालन में रोड़ा बनेगी। ऐसे में डिपो की ओर से एरवाकटरा क्षेत्र में इस बस को लेकर विशेष प्रचार-प्रसार शुरू कराया गया है।
सोशल मीडिया के साथ साथ गांव-गांव डुगडुगी पिटवाई जा रही है। जिससे कि लोग डग्गामार वाहनों के बजाय सुबह और शाम रोडवेज बस से औरैया मुख्यालय व शहर के लिए आवागमन करें। उधर, एआरएम अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि बरौनाकला के लिए एक बार फिर से बस चलाई गई है। राजस्व घाटा न हो इसके लिए गांव-गांव प्रचार कराया जा रहा है।