औरैया। कानपुर रूट पर जाने वाले यात्रियों को गुरुवार को रोडवेज बसों के लिए ढाई से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। यही नहीं बसों में खराबी के चलते बार-बार बदलनी भी पड़ी। इससे परेशान यात्रियों में काफी आक्रोश दिखा।
त्योहार को देखते हुए 12 से 21 नवंबर तक यात्रियों के लिए बसों की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के दावों की गुरुवार को धज्जियां उड़ती दिखाई दीं। गुरुवार को सड़कों पर पिछले दिनों की अपेक्षा अधिक सवारियां देखने को मिलीं। गुरुवार को 11 बजे के बाद कानपुर के लिए औरैया डिपो की कोई बस न होने से कानपुर जाने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
लगभग ढाई से तीन घंटे इंतजार करने के बाद कानपुर की ओर जाने वाली बसें मिलीं। दोपहर दो बजे तक अन्य डिपो की बसें भी नहीं पहुंचीं। इधर डिपो परिसर और डिपो के बाहर सड़क पर कानपुर जाने वाले सवारियों की संख्या अधिक होने पर जाम की स्थिति बनी रही।
उधर, यात्रियों की भीड़ देख रोडवेज डिपो अधिकारियों ने कानपुर के लिए बसों को रवाना करने का निर्णय लिया। यात्रियों को एक बस में बैठने का इशारा किया। इशारा पाकर यात्री एक बस में चढ़े। लेकिन उस बस में मरम्मत का काम हो रहा था।
कर्मचारी ने बस दुरुस्त होने में समय लगने की बात कही तो सवारियों को दूसरी बस में बैठने का इशारा कर्मचारियों ने किया। इस बस में सवारियां बैठ ही रहीं थी कि तभी कर्मचारी ने बताया कि बस का सेल्फ खराब है। धक्का लगाकर ही बस स्टार्ट होगी तो डिपो कर्मचारियों ने तीसरी बस में सवारियों को बैठने का इशारा किया। तीसरी बस में सीट पाने के लिए सवारियों ने भारी-भारी बैग लेकर दौड़ना शुरू किया। कोई खिड़की से उतरता दिखा तो कोई धक्का मुक्की करता दिखा।
किसी तरह यात्रियों ने तीसरी बस में जगह बनाई। सवारियां फुल होने पर एक और बस लगाई गई। वह भी फुल हुई। इस बीच इटावा से एक और बस कानपुर के लिए आई, जिस पर सवारियां बैठाकर रवाना किया गया।
वहीं, रोडवेज के एआरएम रमाशंकर चौधरी ने बताया कि यात्रियों की सहूलियत के लिए अतिरिक्त बसें भी रुटों पर संचालित की जा रहीं हैं। निर्देशित किया गया है कि यात्री परेशान न हों।