दिबियापुर (औरैया)। बुधवार की रात दिल्ली से आ रही एक प्राइवेट बस को रोककर 34 यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इस दौरान चालक यात्रियों को छोड़कर बस भगा ले गया। इस पर पुलिस ने दूसरी बस का इंतजाम कराकर यात्रियों को भिजवाया। वहीं, लॉकडाउन के बावजूद बस का दिल्ली से यहां तक आना लोगों के गले नहीं उतर रहा।
दिल्ली से दिबियापुर आने वाली बस को बुधवार की रात रोका गया। बस में सवार 34 यात्रियों की दिबियापुर में थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के अनुसार सभी की हालत सामान्य है। सभी लोगों की जानकारी उनके संबंधित गांवों में भेजी जा रही है। उधर, थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान ही चालक बस लेकर वहां से चला गया।
इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक द्वारा बस भगा ले जाने की जानकारी होने पर दिबियापुर के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने दूसरी बसों का इंतजाम कराके महिलाओं, बच्चों एवं पुरुषों को उनके घरों तक पहुंचाया। इंस्पेक्टर के अनुसार बस में औरैया जिले के अलग-अलग स्थानों के लोग सवार थे। सभी को उनके घरों तक पहुंचा दिया गया है।
उधर, पूरे देश में लॉकडाउन के चलते बरती जा रही सख्ती के बाद भी दिल्ली से एक प्राइवेट बस के यहां तक आने की बात किसी के गले नहीं उतर रही है। लोगों में यह चर्चा आम रही कि बस दिल्ली से दिबियापुर तक बिना रोक टोक कैसे आ गई।