औरैया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने गुरुवार को चलाए गए मिशन समाधान का जायजा लिया।
अधिकारी बिधूना की ग्राम पंचायत पिपरौली शिव के मजरा बिहारीपुर पहुंचे। वहां अवैध रूप से अवरुद्ध किए गए चकमार्ग को देखा। पैमाइश कराते हुए जेसीबी से चिह्नित कर चकमार्ग को बनवाया गया। वहीं, खलिहान व चरागाह की जमीन भी खाली कराई गई।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के संबंध में की जाने वाली कार्यवाही की फोटो व वीडियोग्राफी भी कराएं। निस्तारण के बाद किसी के द्वारा कोई विवाद पैदा किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जा सके। डीएम व एसपी ने ग्राम पंचायत पिपरौली शिव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट व परिसर में संचालित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को विद्यालय परिसर व ग्राम में साफ सफाई सुनिश्चित करने को कहा। एकल कक्ष में रखे पुराने व टूटे फर्नीचर को नीलामी करने व विद्यालय में स्थापित खराब पड़े वाटर कूलर को सही कराने को कहा।
उन्होंने मिड-डे मील खाने के लिए बनाए गए स्थल पर टिनशेड डलवाने के लिए कहा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधि ने विद्यालय परिसर से होकर निकलने वाली 11 हजार की विद्युत लाइन को हटवाने के लिए अनुरोध किया। इस पर डीएम ने आश्वस्त किया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर बिजली लाइन विस्थापित की जाएगी। इस मौके पर नायब तहसीलदार बिधूना कंचन मिश्रा, थानाध्यक्ष, लेखपाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, राजस्व व पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी आदि मौजूद रहे।