बेला(औरैया)। बिधूना ब्लॉक के गांव शंकरपुर में बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। हाल यह है कि यहां पिछले 15 दिन में बुखार से आठ लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जानकारी के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने टीम नहीं भेजी है।
कस्बा बेला से लगभग सात किमी दूर स्थित गांव शंकरपुर की आबादी लगभग 800 है। गांव बुखार से करीब 50 लोग पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बीमारी फैलने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी गई लेकिन अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली। इसके कारण गंभीर मरीजों की मौत होने लगी हैं। 15 दिनों में सात पुरुष व एक महिला की मौत हो चुकी है। जिसमें गांव निवासी नरेंद्र सिंह सेंगर, राधे शंखवार, विश्वेश्वर सिंह सेंगर, ओमप्रकाश सिंह भदौरिया, प्रेमनारायण द्विवेदी, अमर सिंह भदौरिया, नत्था सिंह सेंगर व राधा कृष्ण की मां का निधन हो चुका है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से स्थितियों को संज्ञान में लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजने की मांग की है। सीएचसी बेला डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने जानकारी दी है। शनिवार की सुबह स्वास्थ्य टीम गांव भेजी जाएगी।