औरैया। परिषदीय विद्यालय की सहायक अध्यापिका ने भाई के दोस्त पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से आठ लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
आरोपी मुंहबोला भाई है और घर में पारिवारिक संबंधों के चलते पीड़िता से राखी भी बंधवाता था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी दीक्षा गुप्ता गांव बरमूपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। दीक्षा ने पुलिस को बताया कि उनके भाई ऋतिक गुप्ता का मित्र अंकित पुरवार निवासी नरायनपुर उनके घर अक्सर आता-जाता था। वह उसे राखी भी बांधती थीं। इसी विश्वास का फायदा उठाकर अंकित ने निजी जरूरतों का हवाला देते हुए समय-समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से आठ लाख रुपये उधार लिए।
पीड़िता का आरोप है कि शुरूआत में कुछ रकम लौटाकर अंकित ने उनका भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने फिर रुपये ले लिए। जब दीक्षा ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बार-बार दबाव बनाने पर आरोपी धमकी देते हुए घर छोड़कर भाग गया।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।