औरैया। जलनिकासी के सही इंतजाम न होने के कारण प्री-मानसून की बारिश ने किसानों और आढ़तियों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया। इससे पहले कि आढ़ती प्रदर्शन करते। मंडी प्रशासनिक अधिकारियों ने बंद पड़े नालों की जेसीबी से साफ-सफाई का कार्य शुरू कराई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति हर रोज लाखों रुपये का राजस्व देती है। प्रदेश की सभी मंडियों में सबसे अधिक राजस्व देने वाली मंडी के रूप में इस मंडी की पहचान है, लेकिन यहां अनाज लेकर आने वाले किसानों और मौजूद आढ़तियों को मूलभूत सुविधाओं से जूझना पड़ रहा है। किसानों को न तो गर्मियों में ठंडा पानी मिलता है और न ही उनकी फसल को सुरक्षित रखने के लिए मंडी में कोई स्थान है।
पिछले दो दिनों से मानसून आने से पहले प्री मानसून की बारिश देखने को मिल रही है। कम बारिश में भी मंडी में जलभराव देखने को मिल रहा है। जल निकासी के सही इंतजाम न होने के कारण बरसात का पानी आढ़तियों के आढ़तों में जा पहुंचा। इससे वहां रखा किसानों का अनाज जलमग्न हो गया। आढ़तियों की मानें तो लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान आढ़तियों और किसानों को उठाना पड़ा है। किसानों ने यह कहकर आढ़तियों से फसल के दाम मांगने शुरू कर दिए हैं कि फसल उन्होंने वहां रखवाई थी।
गुरुवार को मंडी में जगह-जगह जलभराव और कीचड़ देखने को मिला। वहीं आढ़तों के अंदर पानी भरा दिखा और फसल भीगी दिखी। आढ़तियों ने सुबह से ही मंडी प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। आढ़तियों ने आढ़ती नेताओं को जानकारी देकर विरोध जताने की बात कही। इससे पहले कि आढ़ती मंडी सचिव कार्यालय में जाकर विरोध कर पाते है। मंडी अधिकारियों ने जेसीबी मशीन मंगवाकर नालों की सफाई कराना शुरू कराया।
-
बंद पड़े हैं नालियां और नाले
फोटो27एयूआरपी 09- रामजी पुरवार
सफाई न होने से मंडी की सभी नालियां और नाले बंद पड़े हैं। पानी की निकासी के इंतजाम न होने के कारण मंडी में जलभराव की स्थिति बनी है। अक्सर अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आढ़ती और किसान भुगतते है।
- रामजी पुरवार, आढ़ती
-
सफाई को लेकर अधिकारी और ठेकेदार गंभीर नहीं
फोटो27एयूआरपी 10- रॉकी राजपूत
मंडी में सफाई को लेकर अधिकारी और ठेकेदार गंभीर नहीं है। मंडी में सफाई करते हुए कर्मचारी कभी-कभी ही देखने को मिलते है। वह भी तब जब कोई बड़ा अधिकारी आता है। पूरे साल दुर्गंध और गंदगी से उन्हें जूझना पड़ता है। - रॉकी राजपूत, आढ़ती
-
10 दिनों से बंद है सफाई का काम
फोटो27एयूआरपी 11- उदयवीर सिंह
किसी सफाई कर्मचारी के घर में परिजन की मृत्यु होने की जानकारी मिली थी। इसके चलते सभी कर्मचारी चले गए। इधर ठेका उठाने की प्रक्रिया शुरू होने के चलते ठेकेदार ने भी 10 दिनों से सफाई काम बंद कर दिया है। - उदयवीर, मंडी सहायक