दिबियापुर (औरैया)। ककोर के पास गांव प्रतापपुर निवासी एक व्यक्ति के रिश्तेदार की बेटी से गांव के युवक ने एक माह कोर्ट मैरिज कर ली है। इसी के चलते दो पक्षों में तनातनी चल रही है। इसी बात पर रविवार देर शाम दोनों पक्षों में जमकर ईंट पत्थर और धारदार हथियार चले। जिसमें दोनों पक्षों के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रविवार शाम गांव प्रतापपुर में दो पक्षों में विवाद के बाद ईंट पत्थर और धारदार हथियार चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष की ओर से खुशीलाल, प्रदीप एवं सत्यपाल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। जबकि दूसरे पक्ष से हवलदार सिंह, रमेश सिंह, अशोक कुमार व कन्हैया घायल हुए हैं। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।
एक पक्ष के खुशीलाल ने बताया कि उनके बड़े भाई के बेटे ने विपक्षी के रिश्तेदार की बेटी से एक माह पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसी बात से दूसरा पक्ष खुन्नस रखता है। 17 जून को उनके बेटे राहुल की लालपुरा बरीपारा रूरा से शादी हुई है। शनिवार को बारात लौट कर आई थी और आज रिश्तेदारों का खाना पीना चल रहा था। इसी दौरान विपक्षियों ने मारपीट शुरू कर दी।
जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि विपक्षी उनकी रिश्तेदार की बेटी से शादी करने के बाद लगातार मारपीट पर आमादा हैं। आज भी दूसरे पक्ष ने ही विवाद शुरू हुआ है। इस संबंध में दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा का कहना है कि रविवार की देर शाम दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।