औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर कंचौसी में मालगाड़ी के पहिए का ब्रेक शू जाम हो गया। इटावा से कानपुर जा रही एक मालगाड़ी को कंचौसी से पहले रोक दिया गया। काफी मशक्कत के बाद रेल रूट बहाल हो सका। इस दौरान करीब आधा घंटा तक क्रॉसिंग बंद रहने से जाम लग गया और लोगों को परेशानी हुई।
दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर माल गाड़ियों के लिए डेडिकेटेड फ्रेट काॅरिडोर बना है। गुरुवार को इटावा स्टेशन से कानपुर जा रही मालगाड़ी के एक बैंगन का पहिया ब्रेक-शू जाम होने से परेशानी हुई तो लोको पायलट ने ब्रेक लगा दी। सतर्कता दिखाते हुए स्टेशन मास्टर को सूचना दी। पीछे से आ रही एक मालगाड़ी को आउटर पर रोका गया।
इस घटना का असर यात्री ट्रेनों पर नहीं पड़ा। न्यू कंचौसी से पहुंचे कैरिज एंड वैगन के कर्मचारी ने एक दूसरे से सटे ब्रेक-शू को अलग करते हुए तकनीकी परीक्षण किया। इसके बाद मालगाड़ी आगे रवाना की गई। इसके साथ ही आउटर पर रोकी गई मालगाड़ी को एक-एक कर पास कराया गया। दोपहर तीन बजकर 28 मिनट पर यातायात सुचारू हो सका।
क्राॅसिंग और स्टेशन के बीच मालगाड़ी खड़ी होने से वाहन सवार जाम में परेशान रहे। इस संबंध न्यू स्टेशन अधीक्षक नवाना वांचे ने बताया ब्रेक शू में कमी आने से ट्रेन को रोका गया था। मरम्मत के बाद उसे रवाना कर दिया है।