सर्दी का मौसम आते ही चोरों की चहलकदमी बढ़ गई है। रात होते ही जब पुलिस की निष्क्रियता हो जाती है, तब चोरों की गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। इसकी बानगी कसबे में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखने से ही पता चल रहा है।
आलम यह है कि एक ही रात में तीन-तीन चोरी की घटनाएं इस बात की बानगी हैं कि कसबे में पुलिस कितनी सक्रिय है। गुरुवार- शुक्रवार की रात चोर कसबे के तुलाराम सक्सेना के छप्पर में बंधी दो बकरियां चोरी कर ले गए।
वहीं सिंह मोबाइल की दुकान में लोहे की जाली काटकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन पड़ोसी लाखन सिंह के जाग जाने पर चोर वहां से भाग गए। हालेपुर रोड पर चौराहे से बांस की दुकान से चोरों ने दो गैस सिलेंडर पार कर दिए।
इतना ही नहीं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. रामकुमार राजपूत के कार्यकाल में क्षेत्र में लगवाई गई गई 20 सौर ऊर्जा की लाइटों में 16 की प्लेटें चोरी हो गईं।दो दिन पूर्व मुख्य चौराहे पर कुमार स्टूडियो के सामने लगी सौर ऊर्जा लाइट की प्लेट व रामचंद्र के सामने की सौर ऊर्जा की लाइट का खंभा काटकर उसका सामान उड़ा ले गए।
क्षेत्र में लगातर बढ़ रही चोरी की वारदातों पर कसबाई भयभीत हैं। नगर पंचायत अटसू निवासी गुल्लन कुशवाहा, रामचंद्र, कल्लू राजपूत, विष्णु आदि ने पुलिस अधीक्षक से पुलिस की गिरती साख पर निगेहबानी कर लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।