टूटे बूम को ठीक करते रेलवे के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
अछल्दा (औरैया)। ट्रक की टक्कर लगने से फाटक का बूम टूट गया। बूम के टूटते ही ट्रेनें खड़ी होने लगीं। गेटमैन ने आननफानन में स्लाइडर बूम लगाकर रास्ता बंद किया और आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।
दिल्ली-हावड़ा रूट के अछल्दा रेलवे क्रासिंग 13 बी सुबह तीन बजकर 50 मिनट पर बंद थी। तभी अनियंत्रित ट्रक के चालक ने दक्षिणी बूम में टक्कर मार दी। टक्कर मारते ही बूम टूट कर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद दिल्ली हावड़ा रूट की ट्रेनें आउटर पर खड़ी हो गईं। गेटमैन राजीव ने आननफानन में स्लाइडर बूम लगाकर रास्ता बंद किया और आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने ट्रक को रेलवे ट्रैक से पीछे कराया और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ट्रेनों को रवाना किया गया। इस बीच बीस मिनट तक ट्रेनें आउटर पर खड़ीं रहीं। चार बजकर 10 मिनट पर रेल यातायात सुचारु रूप से चल सका। सुबह आठ बजे सूचना पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने टूटे बूम को हटाकर नया बूम लगाया। इस बीच अछल्दा-फफूंद मार्ग पर भी लंबा जाम लगा रहा। लगभग आधे घंटे कार्य करने बाद नौ बजे करीब गेट दोबारा खोला जा सका।