सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। हाथ में
बेल पत्र, जल और दूध लिए भक्त भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने के लिए
मंदिरों के बाहर घंटों लाइन में लगे रहे। बम भोले की जयकार से शिवालय पूरे
दिन गुंजायमान रहे।
बोल बम, हर-हर महादेव, जय शिव शंकर के उद्घोष
के साथ शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवालयों के पट
खुलने से पहले ही भक्तों की लंबी लाइन लग गई। किसी ने जल से तो किसी ने दूध
से शिव का अभिषेक किया।
शहर के देवकली मंदिर में सबसे अधिक भीड़
रही। यहां लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। यहां
औरैया के अलावा जालौन, कन्नौज, कानपुर देहात समेत अन्य जनपदों के श्रद्धालु
आए। सावन के पहले सोमवार को शहर में हर तरफ बम-बम भोले, हर-हर महादेव की
ही जयकारे सुनाई दे रहे थे। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ देवकली मंदिर
में रही।
भीड़ ज्यादा देख फूल बेचने वालों ने पूजा की डलिया महंगी
कर दी। पांच रुपये में बिकने वाली डलिया 10 रुपये में। इतना ही नहीं डलिया
से धतूरा गायब था। डलिया में सिर्फ दो गुलाब, चार गेंदा, पांच बेलपत्र,
चंदन और चावल था। 100 मिली दूध का गिलास 12 रुपये में, धतूरा 20 से 25
रुपये में बेचा गया।