अजीतमल (औरैया)। हाईवे पर अजीतमल कोतवाली के लालपुर गांव के सामने फतेहपुर से इटावा जा रही बोलेरो डिवाइडर से टकरा कर अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में बोलेरो सवार एक ही परिवार के नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायलों ने हादसे की वजह चालक को झपकी आना बता रहे हैं।
बोलेरो सवार फतेहपुर के जाफरगंज निवासी मुख्तार अहमद ने बताया कि वह गुरुवार सुबह बेटे मोहम्मद मियां की ससुराल इटावा बहू को विदा कराने के लिए परिजनों के साथ जा रहे थे।
गाड़ी विसरान निवासी जाफरगंज चला रहा था। रास्ते में उसने पेट दर्द होने की बात कही। इस दौरान उसे दवा दे दी। कुछ देर चलने के बाद करीब साढ़े आठ बजे अजीतमल के पास ही डिवाइडर से टकराते हुए बोलेरो बेकाबू होकर पलट गई।
अंदेशा जताया कि हो सकता है दवा खाने के बाद विसरान को झपकी आ गई हो। हादसे में बोलेरो सवार मुख्तार अहमद, उसके पुत्र मुहम्मद मियां, पुत्री सलीना, फरिहा, नाजिस पत्नी असलम, अरमान, जैनब, आलिफ, इंतजार पुत्र इस्तकार अहमद घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी कुछ देर बाद पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गाड़ी सीधी करा कर घायलों को अस्पताल भेजा।
कोतवाली प्रभारी अनिल मणि ने बताया कि हादसे की वजह का सही पता लगाया जा रहा है, शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।